जिला मुख्यालय सोलन में दसवें दिन भी जारी रही प्राकृतिक संसाधन समिति के अनुबंध व दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की हड़ताल
वन विभाग की ओर से चलाई जा रही प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन समिति के अनुबंध व दैनिकभोगी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर दसवें दिन भी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहे। उन्होंने अपने सोलन स्थित हैड ऑफिस के बाहर धरना दिया और हड़ताल जारी रखी। हड़ताल में प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन समिति के अनुबंध व दैनिकभोगी कर्मचारियों ने भी हड़ताल में भाग लिया।
जिला मंडी से आए अनुबंध व दैनिक भोगी कर्मचारी दीप कुमार ने कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं हो जाती उनकी हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि 25 से 30 वर्षों के सेवाकाल के बाद भी वह असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन समिति के अनुबंध व दैनिक भोगी कर्मचारियों ने कहा कि 19 अप्रैल 2017 को प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन समिति द्वारा नीति बनाई गई थी, जिसके तहत समिति के कर्मचारियों को जो वित्तीय लाभ देय थे, उस पर अभी तक कोई भी कार्यवाही अमल में नहीं लाई गई, इसे तुरंत लागू किया जाए।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में सोसायटी के जो आरएंडपी रूल्स बनाए गए थे, उन्हें लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा समय-समय पर विभागीय कर्मचारियों के लिए जारी की गई अधिसूचनाओं को लागू किया जाए। वहीं एचपीएन आरएम सोसायटी के नियम कानून लागू करते हुए कर्मचारियों को समय-समय पर उनकी पदोन्नति की जाए। सोसायटी के कर्मचारियों विभिन्न विभागों में समायोजित किया जाए।