Latest Posts

मुख्यमंत्री ने टुटीकंडी बालिका आश्रम का दौरा किया—-राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं

मुख्यमंत्री ने टुटीकंडी बालिका आश्रम का दौरा किया

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने अपनी धर्मपत्नी व राज्य रेड क्राॅस अस्पताल कल्याण शाखा की अध्यक्ष डाॅ. साधना ठाकुर के साथ आज बालिका आश्रम, टुटीकंडी का दौरा किया और दीपावली के अवसर पर आश्रम के बच्चों को मिठाइयां वितरित कीं।

मुख्यमंत्री ने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान राम के 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटने के उपलक्ष्य में प्राचीन काल से ही पूरे विश्व में दीपावली मनाई जाती रही है। उन्होंने कहा कि इस आश्रम के बच्चों के साथ उत्सव मनाना वास्तव में सुखदायक है। उन्होंने आश्रम के विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की और अधिकारियों से कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने और राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करें।

मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को अपनी ऐच्छिक निधि से 51000 रुपये देने की घोषणा की।

आश्रम के बच्चों ने उनके द्वारा तैयार की गई मिठाइयां भी मुख्यमंत्री को भेंट कीं। जय राम ठाकुर ने कैंडी बनाने में बच्चों के प्रयासों की सराहना की।

राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं

राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने प्रदेश के लोगों को दीपावली के पावन अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं।

राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि प्रकाश का यह पर्व खुशी एवं प्रसन्नता तथा बुराई पर अच्छाई और अंधकार पर उजाले की विजय का प्रतीक है। उन्होंने आशा जताई है कि दीपावली का त्यौहार प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली और समृद्धि लेकर आएगा।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली का पर्व प्रदेशवासियों के जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाएगा और आपसी स्नेह और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करेगा। उन्होंने कहा कि दीपावली देश के प्रमुख त्यौहारों में एक है और सभी क्षेत्रों एवं धर्मों के लोग इसे मनाते हैं।

उन्होंने प्रदेशवासियों से कोविड सम्बन्धी दिशा-निर्देशों का पालन कर पारम्परिक रूप से सुरक्षित दीपावली मनाने का आग्रह किया है।