Latest Posts

हिमाचल बीजेपी की दो दिवसीय बैठक शुरू , सदस्यता में 20 प्रतिशत बढ़ोतरी करने का लक्ष्य तय,6 जुलाई, 2019 से लेकर   11 अगस्त, 2019 तक चलेगा अभियान

शिमला !  हिमाचल प्रदेश बीजेपी के प्रदेश पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  सतपाल सिंह सत्ती की अध्यक्षता में  होटल होली डे होम में शुरू हुई। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री  जयराम ठाकुर विशेषरूप से उपस्थित रहे। भाजपा की इस महत्वपूर्ण बैठक के शुभारंभ पर प्रदेश पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गत लोकसभा चुनावो में भाजपा ने ऐतिहासिक विजय प्राप्त की है और इसके लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वर्तमान गृह मंत्री  अमित शाह और प्रदेश में मुख्यमंत्री  जयराम ठाकुर जी बधाई के पात्र हैं। प्रदेश में भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पुनः एक बार चारों सीटों पर रिकॉर्ड तोड़ विजय प्राप्त की, उसके लिए भाजपा प्रदेश की जनता और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद व्यक्त करती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि छोटे से प्रदेश हिमाचल का राष्ट्रीय स्तर पर पिछले कुछ दिनो में सम्मान बढ़ा है और इस कड़ी में  जगत प्रकाश नड्डा का भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनना न केवल कार्यकर्ताओं के लिए बल्कि प्रदेश की समस्त जनता के लिए गर्व का विषय है। उनके इस मनोनयन पर प्रदेश भाजपा उन्हें बधाई देती है और शुभकामनाएं व्यक्त करती है। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बनने से हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक कार्यकर्ता का और जनता का सम्मान राष्ट्रीय नेतृत्व ने बढ़ाया है उसके लिए भी प्रदेश भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व का धन्यवाद व्यक्त करती है। अनुराग ठाकुर के केन्द्रीय राज्य मंत्री बनने पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्होनें कहा कि योग्यता को सम्मान देकर राष्ट्रीय नेतृत्व ने श्री अनुराग ठाकुर को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदान की है और इसके लिए अनुराग ठाकुर समस्त भाजपा की ओर बधाई के पात्र हैं और प्रदेश भाजपा उन्हें नई जिम्मेदारी के निर्वहन के लिए शुभकामनाएं देती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की यह महत्वपूर्ण बैठक भाजपा के सदस्यता अभियान को लेकर आयोजित की गई है। भाजपा के सदस्यता अभियान को संगठन पर्व का नाम दिया गया है और सदस्यता अभियान के तहत गत सदस्यता अभियान की तुलना में 20 प्रतिशत बढ़ोतरी करने का लक्ष्य तय किया गया है। भाजपा का यह अभियान 6 जुलाई, 2019 से लेकर   11 अगस्त, 2019 तक चलेगा जिसमें मण्डल स्तर पर बूथों पर यह अभियान चलाया जाएगा। उसके पश्चात सक्रिय सदस्य बनाए जाएंगे। उन्होनें कहा कि भाजपा के इस सदस्यता अभियान में मोबाईल द्वारा   89 80 80 80 80 पर डायल करके निशुल्क सदस्यता प्राप्त की जा सकती है। उन्होनें कहा कि भाजपा का यह सदस्यता अभियान सुचारू रूप से चले इसके लिए भाजपा ने प्रदेश के सदस्यता प्रभारी के रूप में महामंत्री श्री राम सिंह व सह प्रभारी डा0 राजीव भारद्वाज को नियुक्त किया है। इसी के साथ सभी संगठनात्मक जिलों पर जिला सदस्यता प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गई है और आने वाले दिनों में मण्डल स्तर पर भी सदस्यता प्रभारियों की नियुक्ति की जाएगी।
भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की इस बैठक में लोकसभा चुनावों के परिणामों की भी समीक्षा की गई और भाजपा द्वारा तय किए गए लक्ष्य के अनुसार परिणामो की तुलनात्मक विवरण भी पेश किया गया। इसके साथ आगामी योग दिवस पर कार्यक्रमो को सुचारू रूप से करने के लिए पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय की गई। इस अवसर पर भाजपा के संगठन मंत्री पवन राणा सहित सभी प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply